सुवासरा। अवैध हथियार एवं जहरीली शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुनीजा चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, 10 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र बघेल के नेतृत्व में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक भारत कटारा और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर घसोई-तरनोद रोड स्थित बागरीखेड़ा फंटे पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान बिना नंबर की टीवीएस मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब, एक देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकरलाल पिता अमरलाल बागरी (27) एवं शंकरलाल पिता चन्दरलाल मेघवाल (35), दोनों निवासी ग्राम सरवर, थाना उन्हैल, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 215/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 49(क) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अवैध शराब एवं हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक भारत कटारा, प्रधान आरक्षक कमलेश देतरिया एवं आरक्षक बनवारी सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।