चित्तौड़गढ़। जिले के प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले ने शनिवार को नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली।
इस दौरान प्रभारी सचिव ने पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे, विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र, चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक भी लिया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को राहत प्रदान की जा रही है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर डॉ. मंजू, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, यूआईटी सचिव एवं नगर परिषद प्रशासक कैलाश गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, तहसीलदार विपिन चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।