नीमच। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक साबित हो रही है। इसी क्रम में नीमच नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी अंतिमबाला कुमावत योजना से लाभान्वित होकर अपने बच्चों की शिक्षा का खर्च आसानी से वहन कर पा रही हैं।
अंतिमबाला कुमावत को योजना के तहत प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। उनका कहना है कि इस राशि का उपयोग वे बच्चों की ट्यूशन फीस, पढ़ाई-लिखाई तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं पर करती हैं। इससे परिवार पर आर्थिक बोझ कम हुआ है और बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि पहले बच्चों की शिक्षा का खर्च जुटाना चुनौतीपूर्ण होता था, लेकिन अब हर महीने मिलने वाली सहायता से उन्हें काफी राहत मिली है। उनके अनुसार यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ परिवार को भी आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
अंतिमबाला कुमावत ने योजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं और उनके परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है।