रतनगढ़। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रतनगढ़ से एक हाई रिस्क गर्भवती महिला को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल नीमच रेफर किया गया। महिला को 108 एम्बुलेंस से नीमच ले जाया जा रहा था। इसी दौरान मोरवन और सरवानिया महाराज के बीच उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
आपात स्थिति को देखते हुए 108 एम्बुलेंस में तैनात ईएमटी डॉ. अतीक खान और पायलट मुकेश मेघवाल ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसव सामान्य रहा और महिला ने स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्राथमिक देखभाल के बाद दोनों को आगे के उपचार एवं निगरानी के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार महिला की पहले एक पुत्री है और अब दूसरी संतान के रूप में पुत्र का जन्म हुआ है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
ईएमटी डॉ. अतीक खान एवं पायलट मुकेश मेघवाल की त्वरित कार्रवाई और सेवा भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। उनकी सूझबूझ से समय रहते सुरक्षित प्रसव संभव हो सका और जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित रहे।