इंदौर। एक कंपनी में कार्य करने वाली करीब 250 महिलाएं शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया। महिलाओं का आरोप है कि कपंनी संचालक द्वारा उनसे 10 से 12 घंटे प्रतिदिन काम करवाया जा रहा है लेकिन सैलरी मात्र 220 रुपए से 250 रुपए दी जा रही है। लंबे समय से महिला कर्मचारियों द्वारा वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है लेकिन कंपनी संचालक द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।
कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र इंदौर रोड़ स्थित जी लाइफ कंपनी में पिछले 10 वर्षों से काम कर रहे हैं। लेकिन कंपनी प्रबंधक द्वारा सैलरी नहीं बढ़ाई गई। वर्तमान में खर्च काफी अधिक है लेकिन कंपनी द्वारा महिला कर्मचारियों से करीब 10 से 12 घंटे प्रतिदिन काम करवाया जा रहा है लेकिन महीने की सैलरी मात्र 5000 रुपए बनती है। महिलाओं द्वारा वेतन बढ़ाने की मांग की जाती है तो मात्र 10 रुपए 15 रुपए बढ़ाए जाते हैं।
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हम कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। अन्य महिलाओं ने बताया कि हम कंपनी में कई वर्षों से कार्य कर रहे हैं यहां पर हमारा वेतन नहीं बढ़ाया गया है। हमसे क्षमता से अधिक काम लिया जाता है। भोजन के लिए भी उचित समय नहीं दिया जाता है। पीएफ हमारा करता है और कंपनी उसका शेयर नहीं मिलाती है। इन्हीं सब समस्याओं को लेकर हम कलेक्टर कार्यालय पहुंचे हैं।