नीमच। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनसंख्या स्थिरीकरण माह के तहत जनजागरूकता रैली निकालकर आमजन को परिवार नियोजन एवं सीमित परिवार के महत्व का संदेश दिया गया।
रैली को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. आरके खद्योत, सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटील तथा डॉ. संगीता भारती ने जिला चिकित्सालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
डॉ. आरके खद्योत ने बताया कि जिले में 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण सेवा प्रदायगी सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जाएगा तथा परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा बास्केट ऑफ चॉइस के तहत निरोध, माला-डी, माला-एन, छाया गर्भनिरोधक गोली, आकस्मिक गर्भनिरोधक गोलियां एवं अंतरा इंजेक्शन सहित विभिन्न परिवार नियोजन साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा महिला एवं पुरुष नसबंदी की सेवाएं भी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निरंतर उपलब्ध हैं।
जागरूकता रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर फ्रूट मार्केट, हेमू कालानी चौराहा एवं सिंधी कॉलोनी मार्ग से होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहरी आशा कार्यकर्ता तथा ज्ञानोदय नर्सिंग महाविद्यालय के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने जागरूकता तख्तियां एवं नारों के माध्यम से आमजन को परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर मानव अधिकार आयोग के मित्र कमलाशंकर कारपेंटर, देवीलाल वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।