उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह 9.30 बजे उज्जैन पहुंचे। वे दो दिन उज्जैन में रहेंगे। सीएम की अगवानी उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा सहित आला अधिकारियों ने की।
हेलिपेड पर आगमन के बाद सीएम जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुलिस लाइन स्थित तालाब के गहरीकरण कार्य में शामिल हुए। इसके पश्चात वे रामघाट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा में सहभागिता करते हुए। माँ शिप्रा का पूजन अभिषेक करने के बाद सीएम यादव का रामघाट पर बने मंच पर स्वागत किया गया। इस मौके पर सीएम ने शिप्रा नदी की महिमा का गुणगान करते हुए उज्जैन शहर की परम्परा और इसके धार्मिक महत्व को बताया। सीएम ने कहा कि शिप्रा नहीं उज्जैन शहर में अलग अलग दिशाओं में दिखती है। लेकिन उसका भी अपना महत्व है। सीएम के भाषण के बाद शिप्रा तीर्थ यात्रा शुरू हुई सीएम खुद यात्रा में पैदल चले।
मुख्यमंत्री शिप्रा के कार्यक्रम के बाद पुलिस कंट्रोल रूम के समीप इंडियन कॉफी हाउस का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद भैरवगढ़ स्थित खुली जेल का उद्घाटन करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा ग्राम ढेंडिया में शनि मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में कान्ह क्लोज डक्ट परियोजना का भूमि पूजन एवं अन्य विभागों के विभिन्न कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण भी किया जायेगा। इसके अतिरिक्त वे यहां जनसंवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय, नगर निगम सभापति कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा एसीएस डॉ राजेश राजौरा, डीजी पुलिस, संभागायुक्त उज्जैन संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।