भोपाल। एससी एसटी आरक्षण के फैसले के विरोध में विभिन्न संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। इस आव्हान के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। भारत बंद को लेकर मध्यप्रदेश पुलिस अलर्ट मोड पर है। गृह विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों, पुलिस कमिश्नरों और एसपी को कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। भारत बंद के आह्वान को लेकर कोई अप्रिय स्थिति न बने, इसलिए उचित कानून व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) आरक्षण में वर्गीकरण के फैसले के खिलाफ भारत बंद का मध्यप्रदेश में मिला-जुला असर दिख रहा है। ग्वालियर में कई स्कूलों ने आज छुट्टी घोषित की है। कलेक्टर ने मंगलवार रात से ही जिले में धारा 144 के आदेश लागू कर दिए थे। भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत कई जिलों में स्कूल खुले हैं। खंडवा में बंद बेअसर दिख रहा है। यहां बाजार पूरी तरह खुल चुका है।
एससी-एसटी संगठनों की ओर से बुलाए गए बंद का जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) समर्थन कर रहा है। मंगलवार देर रात समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने भी वीडियो जारी कर बंद को समर्थन देने का ऐलान किया था।
धार जिले की मनावर सीट से कांग्रेस विधायक और जयस के राष्ट्रीय संरक्षक डॉ. हीरालाल अलावा और भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया भी बंद के समर्थन में हैं। वहीं, कांग्रेस ने इस बंद को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं की है। इधर, पुलिस-प्रशासन बंद को लेकर अलर्ट है। सड़कों पर सुबह से ही पुलिस के जवान दिख रहे हैं।