रतलाम। जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम, नियंत्रण तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर भवन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर रावत ने कहा कि नारकोटिक्स के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विभागों के बीच आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करें, ताकि नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं। साथ ही विद्यार्थियों एवं आमजन को एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों तथा मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जाए।
बैठक में नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता एवं समन्वित प्रयासों पर बल दिया गया।