कसरावद। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ ने क्षेत्र के किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर कृषि उपज मंडी कसरावद के मंडी सचिव को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने खाद-बीज की उपलब्धता, ई-टोकन व्यवस्था और मुआवजे से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में किसानों के लिए यूरिया खाद पर 100 प्रतिशत सब्सिडी बहाल करने, खाद वितरण की ई-टोकन प्रणाली समाप्त कर पूर्व की तरह सीधी वितरण व्यवस्था लागू करने तथा डीएपी के साथ अन्य आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा किसानों की जमीन पर बिजली टावर या अन्य शासकीय परियोजनाओं के लिए अधिग्रहण होने पर बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से किसानों के हित में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।