नीमच। जीरन थाना क्षेत्र में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़वेलिया निवासी विकास पिता गोपाल मीणा (18) अपने साथी सुधीर के साथ भीमपुरा स्थित खेत पर कार्य करने के बाद बाइक से गांव लौट रहा था। बाइक सुधीर चला रहा था। खड़वेलिया गांव से पहले चौराहे के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक के चालक विनोद दमामी निवासी चीताखेड़ा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद विकास के साथ मौजूद बाइक चालक सुधीर मौके से फरार हो गया। जीरन थाना पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।