मंदसौर। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए द्वितीय चरण की कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं में 31 जुलाई 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।
आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा द्वारा इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय चरण की सीएलसी की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 थी, जिसे बढ़ाकर अब 31 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अन्य सभी शर्तें, नियम एवं दिशा-निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।