नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम दलावदा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। खेत में बबूल का पेड़ काटते समय संतुलन बिगड़ने से वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दलावदा निवासी मांगीलाल पिता नाथूलाल भील (60) गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे अपने खेत में बबूल का पेड़ काटने के लिए उस पर चढ़े थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद परिजन एवं परिचित उन्हें तत्काल मोटरसाइकिल से जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, गिरने से मांगीलाल के सिर में गंभीर चोट आई थी। सूचना पर पुलिस ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम करवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।