मुरैना। मध्य प्रदेश के आगरा-मुंबई हाईवे (धौलपुर रोड) पर स्थित जोधा बाबा मंदिर के पास एक राहगीर को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु भंडारे में शामिल होने के लिए मंदिर पहुंचे थे। कार आगरा की ओर से आ रही थी और टक्कर मारने के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
मंदिर पर मौजूद युवकों ने तुरंत बाइक से कार का पीछा किया। छौंदा टोल पर ट्रैफिक जाम देखकर कार चालक ने मुरैना की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर रहे युवकों ने उसकी कार को घेर लिया। इस दौरान, कार ने बाइक को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
इसके बाद युवकों ने कार में बैठे ड्राइवर और अन्य सवारियों को बाहर निकालकर उनकी पिटाई कर दी। कार सवार लोग आगरा से डबरा जा रहे थे और इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।