मंदसौर। शहर के खानपुरा क्षेत्र से 12 दिन पूर्व लापता हुए 5 वर्षीय मासूम अहमद रजा का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार सर्च ऑपरेशन और पुलिस जांच के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने से नाराज परिजन गुरुवार को समाजजनों के साथ गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने बच्चे की सकुशल बरामदगी, विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन तथा सूचना देने वाले के लिए इनाम घोषित करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, खानपुरा स्थित नीलम शाह दरगाह मैदान के समीप रहने वाला अहमद रजा 5 जुलाई की दोपहर बारिश के दौरान घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मासूम को आखिरी बार खुले नाले के पास देखा गया था। इस आशंका के चलते कि वह नाले में गिर गया होगा, नगर पालिका, जिला प्रशासन एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में जेसीबी और पोकलेन मशीनों की सहायता से नाले की सफाई कर व्यापक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कई दिनों की मशक्कत के बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला।
शहर कोतवाली पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया तथा नीलम शाह दरगाह सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, लेकिन जांच में अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
बच्चे का पता नहीं चलने से परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई है। उनका कहना है कि नाले की पूरी तरह तलाशी लेने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने से अपहरण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मामले की जांच विशेषज्ञ एजेंसियों एवं डॉग स्क्वॉड की मदद से कराने, इनाम घोषित करने तथा तलाश अभियान में तेजी लाने की मांग की है।
धरने की सूचना मिलने पर मंदसौर विधायक विपिन जैन गांधी चौराहे पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा बच्चे की तलाश की जा रही है, लेकिन अभियान को और अधिक गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चे के संबंध में सूचना देने वाले के लिए इनाम घोषित करने की मांग भी की।
वहीं, शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य माध्यमों से बच्चे की तलाश लगातार जारी है। परिजनों द्वारा इनाम घोषित करने की मांग भी पुलिस के समक्ष रखी गई है।
पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हनीफ शेख, शहर काजी आसिफ उल्लाह, जाहिर पठान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।