रतलाम। जिले के जावरा तहसील में नवागत तहसीलदार पंकज पवैया ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। हाल ही में मध्यप्रदेश शासन द्वारा राजस्व विभाग में विभिन्न जिलों के तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के स्थानांतरण और प्रभार में बदलाव किए गए थे, जिसके तहत उन्हें जावरा तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन के निर्देशानुसार उन्होंने तत्काल अपना कार्यभार संभाल लिया।
पदभार ग्रहण करने के बाद तहसीलदार पंकज पवैया ने कहा कि उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना होगी। उन्होंने कहा कि नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और अन्य राजस्व मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा सभी प्रकरणों का पारदर्शी और त्वरित निराकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जन शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और मौके पर ही उनकी शिकायतों का निराकरण हो सके। शासन से प्राप्त सभी दायित्वों और योजनाओं को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
जावरा में अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए पंकज पवैया ने कहा कि यहां का माहौल सकारात्मक है। कार्यालय का स्टाफ सहयोगी है और स्थानीय लोगों से मिलकर भी अच्छा अनुभव हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, कर्मचारियों और आमजन के सहयोग से वे जनहित में बेहतर कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों और पटवारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करें, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो और राजस्व व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं जवाबदेह बन सके।
जावरा में नए तहसीलदार के पदभार ग्रहण करने से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी आएगी और लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकेंगी।