नीमच। जिले से सटे राजस्थान के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विंध्यवासिनी धाम केसूंदा में गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 15 से 21 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाली इस सात दिवसीय श्रीराम कथा के दूसरे दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हो रही कथा का वाचन कथाव्यास पंडित प्रकाश मेनारिया (बोरी वाले) द्वारा किया जा रहा है। कथा के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजायमान हो रहा है।
गुप्त नवरात्रि के अवसर पर मां विंध्यवासिनी धाम में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल दोनों समय विशेष आरती का आयोजन भी किया जा रहा है। मंदिर परिसर में विराजमान मां विंध्यवासिनी देवी एवं मां काली देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वहीं, परिसर स्थित श्री विंध्येश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तजन पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा श्रवण एवं मां भगवती के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।