नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए जलकर की नियमित एवं प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलकर वसूली एवं सुचारु पेयजल आपूर्ति करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने की बात कही।
कलेक्टर ने मध्यप्रदेश जल निगम के अधिकारियों को समूह जल प्रदाय योजनाओं के अंतर्गत सभी स्कूलों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में शीघ्र नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों एवं बड़े जल उपभोक्ताओं द्वारा जल उपयोग और जलकर भुगतान की नियमित समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने फैक्ट्रियों से निकलने वाले अपशिष्ट जल के नियमानुसार उपचार एवं पुनः उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा इसकी निगरानी के लिए समिति गठित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में सुरक्षित पेयजल, जल संरक्षण एवं जल संसाधनों के सतत प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अमन वैष्णव, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग दीपेश वास्पत, महाप्रबंधक जल निगम धीरेंद्र कुमार बिजौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।