शिवपुरी। दूध खरीद दर में 5 रुपए प्रति लीटर की कटौती के विरोध में शिवपुरी के दूध विक्रेता संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर डेयरी व्यापार संघ पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया है। विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर में 15 दिन की सामूहिक हड़ताल कर दूध की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।
दूध विक्रेता यूनियन के अध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने बताया कि 28 मई 2026 को दूध विक्रेताओं, डेयरी व्यापार संघ और मिठाई कारोबारियों के बीच हुए समझौते के अनुसार 29 मई से दूध की खरीद दर 55 रुपए प्रति लीटर तय की गई थी, जिसे दो वर्ष तक लागू रहना था। लेकिन अब डेयरी संचालकों ने बिना सहमति के खरीद दर घटाकर 50 रुपए प्रति लीटर कर दी है।
विक्रेताओं का कहना है कि बढ़ती महंगाई, पशुओं के चारे और रखरखाव की लागत के बीच कम कीमत पर दूध बेचना संभव नहीं है। उन्होंने प्रशासन से पूर्व समझौते के अनुसार 55 रुपए प्रति लीटर की दर बहाल कराने की मांग की है।
दूध विक्रेता संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में समाधान नहीं हुआ तो पूरे जिले में दूध की आपूर्ति ठप कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।