भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि दहशत बनाकर अधिकारी कर्मचारी बीजेपी के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। वे अपनी आदतें सुधारें अन्यथा मानव अधिकार आयोग में जाएंगे और सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाएंगे। पटवारी ने कहा कि पुलिस को सजग होना चाहिए और बीजेपी के एजेंडे पर काम करने से बचना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक आरिफ मसूद, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया और अन्य नेताओं की मौजूदगी में पीसीसी चीफ पटवारी ने ये बातें डीजीपी सुधीर सक्सेना से मुलाकात के बाद मीडिया से कहीं। पटवारी शनिवार को पुलिस मुख्यालय डीजीपी से शिकायत करने पहुंचे थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि सर्विस रूल का पालन करना पुलिस और जिला प्रशासन भूल गया है। शांति की बात कहकर दहशत फैलाना अच्छी सरकार की नीति नहीं है।
उन्होंने छतरपुर की घटना का जिक्र कर कहा कि अपराधी को पकड़ना चाहिए। जो सजा हो, उसे संवैधानिक व्यवस्था के आधार पर सजा बी देना चाहिए। कांग्रेस ने कभी इसका विरोध नहीं किया। छतरपुर की घटना के मामले में जो अपराधी हैं उनके विरुद्ध कार्यवाही करना चाहिए लेकिन न्यायपालिका, संविधान के नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। पटवारी ने सवाल उठाया कि क्या कारण है कि उज्जैन में जायसवाल का घर गिराया, मुरैना में यादव का घर गिराया। एमपी में सैकड़ों घर गिरा दिए गए।
उन्होंने कहा कि दहशत बनाकर अधिकारी कर्मचारी बीजेपी के एजेंडे पर काम कर रहे हैं। ये आदत सुधारें तो ठीक है अन्यथा मानव अधिकार आयोग जाएंगे, सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाएंगे। पटवारी ने कहा कि जब घटना होनी थी तो छतरपुर का पुलिस इंटेलिजेंस क्या कर रहा था, यह तो पुलिस का फेल्योर है। इस तरह की दहशत बनाकर कैसे अच्छी सरकार और अच्छा प्रशासन चल सकता है। पुलिस को सजग होना चाहिए। बीजेपी के एजेंडे पर काम करना बंद करना चाहिए।