सीधी। एसपी डॉ. रविन्द्र वर्मा ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। एसपी ने पुलिसकर्मियों से एक महीने के काम-काज की जानकारी ली। एसपी ने आगामी त्योहार की तैयारियों को लेकर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके बाद बैठक में सभी थानों का क्रम से अपराधों का तुलनात्मक अवलोकन किया गया। एसपी ने लंबित मामलों को निपटाने के निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की ले जमीन संबंधी विवाद में मदद
एसपी ने कहा कि मानसून का आगमन हो चुका है। क्षेत्र में जमीन संबंधी विवाद के कारण जल भराव की स्थिति उत्पन्न होने की शिकायतें आ रही हैं। अगर इस प्रकार की शिकायत प्राप्त होती हैं तो संबंधित राजस्व अधिकारी से समन्वय स्थापित कर शिकायतों का निराकरण करें। अगर क्षेत्र में कोई शांति व्यवस्था में विघ्न पैदा करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
सीएम हेल्पलाइन में अभी तक हम उत्कृष्टतम स्थान पर रहे हैं। इसलिये सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निराकरण करें। महिला एवं बच्चों के खिलाफ घटित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर कार्रवाई करें। क्षेत्र में चोरी की शिकायतें नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सतत क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। पूर्व से दर्ज चोरी के अपराधों में जेल से रिहा चोरी के आरोपियों की पता तलाश कर चोरी की गई संपत्ति का शत प्रतिशत वापस करवाने का प्रयास करें।
जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में किसी प्रकार के अवैध मादक पदार्थ का भंडारण, परिवहन एवं विक्रय न हो इसका विशेष ध्यान रखें। साथ ही अधिकतम अपराधों का निराकरण कर जल्द से जल्द पीड़ित को न्याय दिलाए, आमजन की गई शिकायत की जल्द से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाए।
गंभीर एवं चिन्हित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी विवेचना करें। गंभीर एवं चिन्हित मामलों में थाना प्रभारी स्वयं रूचि लेकर त्वरित एवं प्रभावी विवेचना कर पीड़ित को न्याय दिलाने का प्रयास करें।