दतिया। मेडिकल कॉलेज में एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट और कार्डियो पलमोनरी सेरीब्रल पुनर्जीवन वर्कशॉप का शनिवार को आयोजन किया गया। इस वर्कशॉप में विभिन्न संकायों के 40 चिकित्सा छात्र-छात्राओं को आकस्मिक परिस्थितियों में अचानक से बेहोश हुए व्यक्ति को जिसकी सांस और धड़कन रुक गई हो। उसके पुनर्जीवन के लिए कृत्रिम पुतलों (मेनिकीन्स) पर एडवांस लाइफ सपोर्ट देकर जान बचाने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर की फैकल्टी संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस लखनऊ से आए। डॉ. संदीप साहू और राम नरेश यादव द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यशाला में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं ने शामिल होकर आकस्मिक चिकित्सा सेवा देने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
जिसमें किसी व्यक्ति की सांस और धड़कने अचानक से बंद होने की स्थिति में मुंह से सांस देना, चेस्ट कंप्रेशन द्वारा धड़कन वापस लाना, श्वास नली में ट्यूब डालकर सांस देने की विधि, डीफिब्रिलेसन जैसी आकस्मिक चिकित्सा सुविधा देने का प्रशिक्षण दिया गया।
डीन डॉ. दीपक सिंह मरावी ने कार्यशाला के सफल आयोजन की बधाई दी। आशा जताई कि प्रशिक्षण के बाद चिकित्सक ज्यादा विशेषज्ञता से जरूरतमंद मरीजों को आकस्मिक सेवाएं प्रदान कर सकेंगे।