नीमच। आगामी त्यौहारों से पहले आज पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी अंकित जायसवाल ने अपराधों की समीक्षा की। बैठक के दौरान जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। साथ ही एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में थाना प्रभारियों को सर्तकता बरतने की बात भी कही।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आज शनिवार को पुलिस कन्ट्रोल रूम नीमच पर जिलें के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान पुलिस कप्तान ने आगामी त्यौहारों जन्माष्टमी, चालीसवा (मोहर्रम) के दौरान जिलें में साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले व्यक्ति के साथ साथ ग्रुप एडमिन की जिम्मेदारी भी तय कर प्रकरण में आरोपी बनाने, बाढ़ या अतिवृष्टि को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्रों में स्थित पुलों एवं रपटो पर जहां बाढ़ संकेतक बोर्ड नहीं लगे हो तथा पुलियाओं की रैलिंग टूटी हुई हो वहाँ नगर पंचायत के माध्यम से रैलिंग लगवाने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा एसपी ने अत्यधिक बाढ़ एवं अतिवृष्टि के दौरान पुलों एवं रपटो पर आवागमन को रोकने हेतु दोनो और संबंधित नगरीय निकाय से समन्वय कर कर्मचारी की डयूटी लगवाना सुनिश्चित करने, अत्यधिक बाढ़ एवं अतिवृष्टि के दौरान पुलों एवं रपटो पर पानी होने पर यात्री वाहनों के आवागमन संबंधी सूचना पर अनिवार्य रूप से कार्यवाही सुनिश्चित करने, थाना प्रभारी लगातार अपने क्षेत्र में भ्रमण करें तथा संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट आवश्यक रूप से लगावें। वाहन चौकिंग के दौरान आमजनता से सद्व्यवहार करने, आसामाजिक तत्वों एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा सांप्रदायिक सोहार्द बिगाड़ने की शोहरत वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने, एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में थाना प्रभारी पूर्णतः पारदर्शिता बरते एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रत्येक कार्यवाही की सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अनिवार्य रूप से अवगत कराना सुनिश्चित करने, गंभीर अपराधों को अनावश्यक लंबित न रखें व समयावधि में माननीय न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत करें।
थाना क्षेत्रों में होने वाली किसी भी घटना की जानकारी पुलिस कन्ट्रोल रूम के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक रूप से देवें एवं थाना क्षेत्रों में किसी गंभीर अपराध के घटित होने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं संबंधित राजपत्रित अधिकारी पुलिस आवश्यक रूप से मौका मुआयना करने सहित आवश्यक निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक नीमच अभिषेक रजंन (भापुसे), अअपु मनासा विमलेश उईके, अअपु जावद निलेश्वरी डाबर, जिलें के समस्त थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी, सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहें।