भोपाल। मध्यप्रदेश में पहली बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 26 अगस्त को स्कूल खुलेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश में कहा है कि जन्माष्टमी के दिन स्कूलों में भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा और मित्रता के प्रसंगों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे पहले सरकार ने जन्माष्टमी के दिन अवकाश घोषित किया था।
शासकीय शिक्षक संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र कौशल ने बताया कि आम तौर पर जन्माष्टमी पर छुट्टी होती है। लेकिन इस बार हमारे सामने दो आदेश हैं। पहले आदेश में शासन ने सरकारी अवकाश घोषित किया है। वहीं, दूसरे आदेश में स्कूल शिक्षा विभाग ने कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है।
भोपाल में सुबह 11 बजे बरखेड़ी से चल समारोह चलेगा। यहां से यह एक्सटॉल कॉलेज, जिंसी चौराहा, अहीर मोहल्ला, शब्बन चौराहा, लिली टॉकीज से होता हुआ जहांगीराबाद में शाम करीब 5 बजे खत्म होगा।
भोपाल में लखेरापुरा से निकलने वाले चल समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे।भोपाल जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बताया- शासन के आदेश का पालन करते हुए सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों को सूचना दे दी गई है। स्कूलों में आदेशानुसार कार्यक्रम किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया जाएगा। कई तरह की नाट्य प्रस्तुतियां और भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित कार्यक्रम किए जाएंगे।
भोपाल में एक्सीलेंस स्कूल के प्रिंसिपल सुधाकर पाराशर ने कहा, श्शासन के आदेश आए हैं कि इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम होना है। हमने जनप्रतिनिधियों से भी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए संपर्क किया है। हमीदिया गर्ल्स स्कूल की प्रिंसिपल विमला शाह ने कहा कि शासकीय आदेश का पालन करते हुए स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।सावन के महीने में सोमवार को महाकाल की सवारी होने के चलते उज्जैन में अवकाश घोषित किया गया था। नए सरकारी आदेश के बाद सोमवार को स्कूल खुलेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। ऐसे में अब रविवार और सोमवार दोनों दिन स्कूल खुलेंगे।
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि सोमवार को सभी स्कूल सुबह कुछ देर के लिए खोलकर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन करने के बाद छुट्टी कर दी जाएगी।