नीमच। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार वर्ष 2026 की तीसरी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर 2026 (शनिवार) को किया जाएगा। जिला मुख्यालय नीमच सहित मनासा, जावद एवं रामपुरा के न्यायालय परिसरों में आयोजित होने वाली इस नेशनल लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में लंबित समझौता योग्य प्रकरणों का आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण किया जाएगा। इनमें दाण्डिक, सिविल, विविध, मोटर दुर्घटना दावा, विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरणों के अलावा नगर पालिका एवं नगर पंचायत, श्रम, बैंक तथा अन्य समझौतायोग्य मामले शामिल रहेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे अपने अभिभाषकों से संपर्क कर संबंधित न्यायालय अथवा कार्यालय में आवश्यक सहमति प्रस्तुत करें, ताकि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का शीघ्र, सरल एवं कम खर्च में निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।