मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विशेष नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के तहत थाना अफजलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2 किलो 51 ग्राम अफीम एवं एक कार सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्रे रंग की अल्टो कार (एमपी-14-सीडी-3072) में अवैध अफीम लेकर अफजलपुर होते हुए दलौदा की ओर बाहरी तस्कर को सप्लाई देने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 2 किलो 51 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल पिता जगदीश निवासी साखतली, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर बताया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 8/18 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये मूल्य की 2 किलो 51 ग्राम अफीम तथा लगभग 6 लाख रुपये कीमत की अल्टो कार जब्त की है। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के क्रेता, विक्रेता एवं सप्लायर के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं थाना अफजलपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।