रतलाम। होमगार्ड्स, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर मिशा सिंह के नेतृत्व में आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर कलेक्टर बृजेन्द्र कुमार रावत एवं जिला सेनानी रोशनी बिलवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस 100 सिविल डिफेंस वालेंटियर्स ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिविल डिफेंस की भूमिका, आपदा प्रबंधन की आधारभूत जानकारी तथा आपदा के समय उपयोग में आने वाले उपकरणों से अवगत कराया गया। अपर कलेक्टर रावत ने स्वयंसेवकों से आपदा की परिस्थितियों में समाज एवं प्रशासन के सहयोगी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस वालेंटियर्स का निस्वार्थ सेवा भाव आपदा प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी सात दिनों तक निर्धारित मॉड्यूल के अनुसार संचालित होगा, जिसमें प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक विषयों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।