खरगोन। आदिवासी क्षेत्र झिरन्या में 16 नवंबर को संभाग स्तरीय हेल्थ कैंप लगेगा। इसमें मेडिकल कॉलेज इंदौर व खंडवा के 150 से ज्यादा सीनियर स्पेशलिस्ट डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। इंदौर संभाग कमिश्नर दीपक सिंह की पहल पर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा तैयारी करा रहे हैं।
कैंप में साधारण बुखार से लेकर हृदय रोग, किडनी, मस्तिष्क, लीवर, कैंसर, मानसिक रोग, सिकलसेल एनीमिया सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे। मरीजों को इलाज कराने के लिए मतदाता परिचय पत्र, आधार कार्ड और समग्र आईडी लाना अनिवार्य होगा।
कई निशुल्क सुविधाएं मिलेंगी
किशोरी व महिलाओं की जांच के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा सोनोग्राफी, एक्सरे सहित सभी तरह की पैथोलॉजी जांच निशुल्क की जाएगी। निशुल्क दवाइयां भी मिलेंगी। रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयुष्मान कार्ड की केवायसी की सुविधा भी मिलेगी। यहां दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र के लिए मेडिकल बोर्ड भी बैठेगा।