नीमच। उदयपुर के लिए रेफर की गई गर्भवती महिला की डिलीवरी मंगलवाड़ चौराहा के समीप 108 एंबुलेंस के ईएमटी स्टाफ राहुल पाटीदार और पंकज बैरागी द्वारा करवाई गई। राजस्थान के छोटी सादड़ी समीप गांव गोमाना की महिला गिरजा कुमावत पति देवीलाल और नवजात बालिका पूरी तरह स्वस्थ बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात 8 बजे करीब गर्भवती महिला गिरजा कुमावत को उदयपुर आरएनटी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया था। महिला का ब्लड प्रेशर अत्यधिक बढ़ा हुआ था और प्रसव कराना यहां संभव नहीं था। जिसे देखते हुए डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से नीमच से रेफर किया गया। बीच रास्ते में अत्यधिक प्रसव पीड़ा और परिस्थितियों को देखते हुए रात करीब 9.30 बजे मंगलवाड़ के यहां राहुल पाटीदार और पंकज बैरागी द्वारा परिजनों के सहयोग व सहमति से प्रसव करवाया गया। 108 एंबुलेंस में आपात स्थिति में स्वास्थ्य सुविधा के लिए तमाम आवश्यक संसाधन मौजूद थे। सुरक्षित प्रसव के बाद महिला और नवजात बालिका को मेडिकल कॉलेज उदयपुर पहुंचा दिया गया।
राहुल पाटीदार ने बताया कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ स्थिति में है। हमारी एंबुलेंस 108 में भी स्वास्थ्य संबंधित तमाम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध थी।