ग्वालियर। आरएसएस प्रमुख सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शनिवार को ग्वालियर में वीरांगना लक्ष्मीबाई के समाधि स्थल पर पहुंचे। उन्होंने वीरांगना को पुष्पांजलि अर्पित की और स्थानीय संघ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से परिचय लिया।
संघ प्रमुख ग्वालियर के केदारपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में चल रहे आरएसएस के अनुषांगिक संगठनों का पांच दिवसीय वर्ग में शामिल होने पहुंचे हैं। शनिवार को भी दिनभर भागवत ने अलग-अलग संगठनों की बैठकों में हिस्सा लिया। इस दौरान सेवा प्रकल्पों द्वारा किए जा रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।
जहां काम में कमी दिखाई दी, उन संगठन प्रमुखों से इसका कारण भी जाना। चर्चा के दौरान देशभर में लगने वाली शाखाओं के साथ सरस्वती शिशु मंदिर स्कूलों व वनवासी छात्रावासों के विस्तार के संबंध में जानकारी ली गई। इसके साथ ही विहिप और बजरंग दल जैसे संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
वर्ग के अंतिम दिन सभी संगठनों को नए साल में किए जाने वाले कार्यों के संबंध में दिशा निर्देश दिए जाएंगे।