छिंदवाड़ा। बीती रात शहर के वार्ड क्रमांक 7-8 में स्थित श्री गणेश मंदिर में एक युवक के द्वारा भगवान गणेश की मूर्ति को खंडित करने के बाद बवाल मच गया। मूर्ति खंडित की सूचना मिलते ही हिंदूवादी संगठनों ने जमकर विरोध जताया। थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में ले लिया।
विवाद को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, प्रभारी डीएसपी राजेश कुमार बंजारा के साथ जुन्नारदेव पहुंचे। इन्होंने तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित कर आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक राकेश सिंह बघेल अपने दल बल के साथ तत्काल ही मौके पर पहुंच चुके थे उन्होंने इस आरोपी युवक को अपनी गिरफ्त में लेकर डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए अस्पताल भेजा। इसके पश्चात पुलिस के द्वारा आरोपी के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर हिरासत में लिया गया है। घटना के विरोध में आज बाजार पूरी तरह बंद रहा। हिंदू संगठनों ने आरोपी युवक के लिए कड़ी कार्रवाई की मांग की। जुन्नारदेव शहर एवं बाजार में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।