नर्मदापुरम। बुदनी विधानसभा सीट फतह करने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के बड़े नेता बुदनी में एक मंच पर नजर आए। कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, मप्र प्रभारी जितेंद्र सिंह ने सभा की।
मंच से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने अपने बेटे कार्तिकेय और दोस्त राजेंद्र सिंह को टिकट नहीं दिया। जबकि राजेंद्र सिंह ने उनके लिए सीट छोड़ी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में भार्गव जी को टिकट दी। जो 5 साल सांसद रहने के दौरान लोगों जनता से मिलने तक नहीं पहुंचे। कुछ तो राज होगा। तब तो उन्हें टिकट दी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बदलाव लाना है तो कांग्रेस को लाना पड़ेगा। रेहटी और बुधनी की धरती कांग्रेस की है।
प्रत्याशी ने चुनाव आयोग में शिकायत करने की कही बात
मंच से कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने रिटर्निंग निर्वाचन अधिकारी की चुनाव आयोग को शिकायत करने की बात कही। बोले- चुनाव आयोग ने गजब कर दिया। हमने पर्चा भरा। प्रस्तावक हमारे साथ गए। वोट डालना प्रारंभ हो गया। हमें बताया ही नहीं गया।
मंडल के अध्यक्ष ने मुझसे फोन पर पूछा कि आज वोट डल रहे हैं क्या। मैंने एसडीएम को कॉल कर पूछा- आज वोट डल रहे हैं क्या, वे बोले हां। मैंने कहा- आपने सूचना तो किसी को दी नहीं। वे बोले- आजकल हम ग्रुप पर सूचना डालते हैं। मुझे ग्रुप में 11 बजकर 10 मिनट में मैसेज देकर जोड़ा गया। इस रवैये को चुनाव आयोग का संज्ञान में लेना चाहिए। जब हमने चुनाव में बराबरी के मुकाबले की बात की है तो उसी प्रकार से बुदनी में चुनाव चलना चाहिए।
एक और बात सामने आई है। पर्ची बांटने का काम भी शुरू हो गया है और एक भी हमारे एजेंट को सूचना नहीं दी गई है कि पर्ची कब से बंटेगी। पिछले चुनाव के हमारे अनुभव हैं कि जो हमने अजा, अजजा और पिछड़ा वर्ग के वोटर हैं, उन्हें चिह्नित कर पर्ची नहीं दी जाती है।
पटवारी बोले- कांग्रेस के हम स्वतंत्रता सेनानी लोग हैं
कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने मंच से अपने हिसाब से चुनाव लड़ने की बात कही। वहीं, जब इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा- कांग्रेस के हम स्वतंत्रता सेनानी लोग हैं, वो देश को बेच रहे हैं। हम उन्हें सिखाएंगे। गांधीवादी तरीके से।