रतलाम। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को जानने के लिए रतलाम एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा गुरुवार सुबह 25 किमी साइकिल चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचे। ग्रामीणों से जनसंवाद किया और समस्याएं सुनी। साथ ही थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा। इस जनसंवाद में ग्रामीण क्षेत्र में बाबा गैंग के सक्रिय होने की जानकारी सामने भी आई। इस बारे में अधिकारियों ने युवाओं को भी समझाया कि किसी भी गैंग से ना जुड़े। साथ ही पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ मामले पर कार्रवाई करने को कहा।
अधिकारियों थाना शिवगढ़ अंतर्गत बाउडी, कास्याकारी, कांगसी और पाटड़ी गांव साइकिल से पहुंचे थे। जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से समस्याएं जानी। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने थाने पर शिकायतों के निराकरण के न होने की बात बताई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर गश्त नहीं होने की बात भी सामने आई। एसपी ने शिवगढ़ थाना प्रभारी को शिकायतों पर गंभीरता से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया।साथ ही एसपी ने मौके पर ही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए हेड कॉन्स्टेबल और एक कॉन्स्टेबल की लापरवाही की निंदा की। टीआई समेत एएसआई, एसआई पर 1-1 हजार रुपए जुर्माने भी लगाया। इस दौरान रास्ते में जाते समय रोड पर तेज रफ्तार में आए डंपर को भी रोका। डंपर के परमिट और अन्य दस्तावेज जांचे। एसपी ने उन स्पॉट को भी देखा जहां दुर्घटना की संभावना है।
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि लगातार ग्रामीण क्षेत्र में बाबा गैंग के नाम से कुछ युवाओं ने गैंग बनाई है। जनसंवाद के दौरान भी इस गैंग के बारे में जानकारी सामने आई हैं। ग्रामीणों की समस्याएं जानी है। एसडीओपी समेत टीआई व बीट प्रभारी को मुस्तैद रहकर कार्रवाई करने को कहा है।