नीमच। शहर में आज मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पर जिले के विभिन्न नगरी निकायों में कार्यरत संविदा कर्मचारी अधिकारी नारेबाजी करते हुए पहुंचे। जहां उन्होंने कलेक्टर के नाम अपनी मांगों का एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से संविदा कर्मचारियों ने बताया कि समय-समय पर शासन की ओर से उनकी मांगों को लेकर कई आदेश जारी किए गए हैं। मगर उन पर जिम्मेदारों ने अमल नहीं किया। जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है।
संविदा कर्मचारियों का कहना हैं कि नगरी प्रशासन विभाग की ओर से आदेश में संविदा नीति के आधार पर वर्तमान में संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित पदों के समकक्ष वेतन निर्धारण किया जाना है। सातवें वेतनमान के अंतर्गत संबंधित पे मेट्रिक लेवल के न्यूनतम मूल वेतन के 100 प्रतिशत के बराबर प्रमाणित कर पुनर्निर्धारित किया जाना है।
मगर जिम्मेदारों की ओर से आदेश का पालन ना करते हुए कलेक्टर दर से वेतन दिया जा रहा है। जिससे उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में भी कई आवेदन दिए गए थे। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस आशय का ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर संजीव साहू ने लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में नगर पालिका के संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।