चित्तौड़गढ़। महाराणा भूपाल शिक्षा समिति परिसर में रविवार को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद सी.पी. जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने शूटिंग रेंज के लिए डोम का शिलान्यास तथा महाराणा भूपाल पब्लिक स्कूल के नवीन कार्यालय का उद्घाटन किया।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष नरपत सिंह भाटी ने बताया कि समारोह को संबोधित करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने चित्तौड़गढ़ के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए अनेक प्रयास किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक ट्रेन का नाम श्वीर भूमि चित्तौड़गढ़श् रखा गया है तथा मेवाड़ के वीरों महाराणा प्रताप, जयमल राठौड़ और झाला मान के नाम से डाक टिकट जारी कराए गए हैं। साथ ही बप्पा रावल पर नाथद्वारा के समीप भव्य पैनोरमा का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि महाराणा भूपाल शिक्षा समिति विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने हेतु कोचिंग सेंटर शुरू करे। उन्होंने समिति द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान जोहर स्मृति संस्थान के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों सहित शिक्षा एवं पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों का उपरना एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जोगेंद्र सिंह छोटाखेड़ा ने किया।
इसके बाद महाराणा भूपाल शिक्षा समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित हुई। अध्यक्ष नरपत सिंह भाटी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए छात्रावास, विद्यालय एवं पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित विद्यार्थियों तथा संस्था को सहयोग देने वाले भामाशाहों की जानकारी दी।
बैठक में आगामी विकास कार्यों, शिक्षा विस्तार तथा महाराणा भूपाल जयंती प्रतिवर्ष मनाने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। वार्षिक प्रतिवेदन राजेंद्र सिंह नारेला ने प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष उदय सिंह चौहान ने वित्तीय वर्ष का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष रखा, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इस अवसर पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा, जोहर स्मृति संस्थान, क्षत्रिय युवक संघ सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।