रतलाम। जिला अस्पताल में सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार द्वारा राजपूत समाज को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना मैदान में आ गई है। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह चौहान ने चेतावनी दी है कि तीन दिन में विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
दरअसल सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार का रतलाम जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी सामने आया है। जिसमें वह एक वार्ड में खड़े हैं। पास में उनके डॉक्टर व अन्य स्टाफ खड़ा दिखाई दे रहा है।
विधायक कह रहे हैं मैं मानता हूं तुम बड़ी कास्ट के लोग हो राजपूत हो जो भी हो। इतने बड़े राजा महाराजा हो तो नौकरी करने नहीं आना चाहिए शासकीय नौकरी में। बिजनेस करो। ऐसा नहीं चलेगा। मुझे शर्म आएगी मुकदमा कराउंगा तो लोग क्या कहेंगे विधायक ने डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा कराया। मेरे खिलाफ 20 मुकदमे चल रहे है मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।
सीसीटीवी वीडियो मंगलवार रात सामने आया है। वीडियो में राजपूत समाज को लेकर की गई टिप्पणी से श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है कि तीन दिन में विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, नहीं तो श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना उग्र आंदोलन करेगी।