सिंगोली। तहसील क्षेत्र के ग्राम बिजया तलाई स्थित प्राथमिक शाला में अध्ययनरत आदिवासी बच्चे शनिवार दोपहर ऊनी वस्त्र पाकर खुश हो गए। ऊनी वस्त्र वितरण का कार्यक्रम स्वर्गीय घनश्याम तुरंगीया की स्मृति में उनके पुत्र रवि तुरंगीया द्बारा आयोजित किया गया था। शनिवार देर शाम मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बिजया तलाई आदिवासी बाहुल्य गांव है, जहां निहायत गरीब परिवार निवास करते है।
पर्याप्त आजीविका संसाधन के अभाव में यहां के लोग सालभर आर्थिक परेशानियों से झूझते रहते है। जबकि यहां के स्कूली बच्चों की अधिकांश जरूरतें शहरी क्षेत्र के सम्पन्न परिवारों के सहयोग से पूरी होती है। स्कूली सत्र शुरू होने से पूर्ण होने तक जहां किताबें और यूनिफार्मस जैसी जरूरतें स्कूल से पूरी हो जाती है तो अलग अलग मौसम में दानी लोगों के सहयोग बच्चों की जरूरतें पूरी होती रहती है।
इस बाबत शिक्षक बाबूलाल छिपा ने बताया कि शनिवार सिंगोली तहसील कार्यालय पर पदस्थ रवि तुरंगिया ने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अपने पिता स्वर्गीय घनश्याम तुरंगीया की स्मृति में बच्चों को ऊनी कपड़ों के वितरण किया।उन्होंने बताया कि प्राथमिक शाला में करीब 24 बच्चे पढ़ते है जिन्होंने कड़कड़ाती ठंड के बीच ऊनी वस्त्र पाकर खुशी का इज़हार किया।