नीमच। शहर के उप नगर नीमच सिटी की तस्वीर अब बदल रही है। जिसे कभी पिछड़ा हुआ क्षेत्र कहा जाता था, अब यह क्षेत्र विकास की मुख्य धारा में तेजी से जुड़ता चला जा रहा है। यह बात नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने आज वार्ड नंबर 1 में मनासा नाके से नीमच सिटी की ओर जाने वाले रोड के निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विधायक दिलीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन और पार्षदों का इसमें अहम योगदान है।
उल्लेखनीय है कि करीब 500 मीटर लंबे इस रोड को पूर्व की तुलना में दुगना चौड़ा करके निर्मित किया जा रहा है। साढ़े चार सौ मीटर लंबे रोड के चोड़ीकरण को 3 मीटर से 7 मीटर किया गया है। वहीं करीब 80 मीटर लंबे रोड को 7 मीटर से 14 मीटर तक चौड़ा किया गया है। 12 लाख की लागत से पेयजल लाइन बिछाई गई है। 13 लाख की लागत से पोल शिफ्टिंग का काम किया गया है। रोड के दोनों साइड पेवर ब्लॉक लगेंगे। रोड़ के निर्माण में 40 लाख रुपए का खर्च होगा।
जैसा की विदित है कि नीमच सिटी के नया बाजार में डामरीकरण का कार्य चल रहा है। पिपली चौक से प्रताप चौक का रोड भी निर्माणाधीन है। यादव मंडी वाला रोड बनकर तैयार है। इस दौरान नपा अध्यक्ष ने अधिकारियों से रोड के निर्माण के बारे में आवश्यक जानकारी ली। सुझाव और निर्देश दिए। आज निरीक्षण के मौके पर वार्ड वासियों द्वारा स्वाति चोपड़ा का पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया गया। निरीक्षण के दौरान पार्षद राकेश किलोरिया, दारा सिंह यादव, रामचंद्र धनगर आदि मौजूद रहे।