इंदौर। पीथमपुर इंडस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट (रामकी) कंपनी में आने वाले दिनों में जलने वाले यूनियन कार्बाइड के जहरीले कचरे के निष्पादन को लेकर विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस ने आज यहा बड़ा प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित करीब आधा दर्जन विधायक शामिल हुए।
धरना-प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार यूनियन कार्बाइड की जमीन बेचने की तैयारी है। जहरीला कचरा हटते ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जीतू पटवारी ने कहा कि अगर यूनियन कार्बाइड का कचरा पीथमपुर में जला तो आने वाले समय में सबसे ज्यादा कैंसर के मरीज इसी इलाके में होंगे। यहां कचरा जलाया जाएगा तो ये जहर पानी में भी मिलेगा। समस्या पीथमपुर के लिए ही नहीं इदौर के लिए भी पैदा होने वाली है। पीथमपुर का जहरीला पानी यशवंत सागर डेम में मिलेगा। इस डेम से इंदौर में पानी सप्लाई होता है। इसके बाद वहां भी गंभीर बीमारियां फैलेंगी। रामकी कंपनी के कारण आस पास के किसानों की जमीन की पैदावार प्रभावित हुई है।
जीतू पटवारी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि प्रदेश सरकार के पास लेंड बैंक है। जहरीले कचरे के निष्पादन के लिए उसका यूज करें।जीतू पटवारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव के एक साल हो गए हैं। अभी चार साल बाकी हैं। हमें ये नहीं सोचना है कि चुनाव तो चार साल बाद हैं। चार साल तो चार दिन की तरह निकल जाएंगे। हमें अगले चुनाव की तैयारी में आज से ही लग जाना है। सड़कों पर उतरकर सरकार की विफलताओं को जनता को बताना है।