ग्वालियर। व्यापार मेला में सोमवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। मेला के फैसिलिटेशन सेंटर परिसर में शाम 7 बजे से कवि सम्मेलन शुरू होगा। कवि सम्मेलन में देश के जाने पहचाने अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति वाले कवि शामिल होंगे।
खास आकर्षण मेरठ के डॉ. हरिओम पवार रहेंगे। इसके अलावा कई हास्य कवि भी कवि सम्मेलन में शामिल होकर श्रोताओं को हसाएंगे। ग्वालियर व्यापार मेला अपने कारोबार के लिए तो जाना जाता है ही साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी इसकी अलग पहचान है।
मेला में होने वाले दंगल और कवि सम्मेलन या मुशायरा की भी अपनी अलग पहचान है। ग्वालियर व्यापार मेला 2024-25 में इस बार कवि सम्मेलन सोमवार को होने जा रहा है। मेला प्रबंधन ने बताया है कि मेला में होने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन मेला के फैसिलिटेशन सेंटर परिसर में हर वर्ष की तरह होगा।
इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिनाम हास्य-व्यंग कवि डॉ. सुरेश अवस्थी कानपुर, व्यंग कार राजेश चेतन नई दिल्ली, हास्य कवि जोनी बैरागी धार, पैरोडी के लिए प्रसिद्ध सुदीप भोला जबलपुर एवं श्रृंगार की कवियित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी का काव्य पाठ प्रस्तावित है।
इंदौर आ रहे हैं कवि अमन अक्षर
देश भर में राम गीत से प्रसिद्ध हुए इंदौर के कवि अमन अक्षर के काव्य पाठ का आनंद भी इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में साहित्य प्रेमी उठा सकेंगे। इनके अलावा वीर रस के युवा कवि राम भदावर इटावा और प्रयागराज से पधार रहे डॉ. विनम्र सिंह सेन की श्रृंगार रस से ओतप्रोत कविताएं भी सुनने को मिलेंगीं। ग्वालियर के जाने-माने कवि एवं मंच संचालक डॉ. रामकिशोर उपाध्याय अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के सूत्रधार होंगे।