रतलाम। जनसुनवाई में रतलाम ग्रामीण के ग्राम शिवपुर के ग्रामीणों द्वारा भूरों का वास मार्ग पर सीसी रोड निर्माण की मांग किए जाने पर कलेक्टर मिशा सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर एसडीएम रतलाम (ग्रामीण) ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर ग्रामीण विकास विभाग को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव को तकनीकी स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
एसडीएम ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी, जिससे ग्रामीण संतुष्ट नजर आए। साथ ही बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसके लिए मार्ग पर शीघ्र मुरम डलवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।