निवाड़ी। मध्य प्रदेश भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक से पहले निवाड़ी जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ओरछा नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
कलेक्टर जमुना भिड़े, एसपी डॉ. रायसिंह नरवरिया, सीईओ रोहन सक्सेना, नगर परिषद सीएमओ और पर्यटन व पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने पुलिस टीम के साथ ओरछा का दौरा किया। इस दौरान हरदौल बैठका, फूलबाग और मुख्य बाजार सहित कई प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई।
करीब 12 फुटकर दुकानदारों को हटाया
अभियान के तहत सड़क किनारे व्यवसाय कर रहे दो दर्जन से अधिक फुटकर दुकानदारों को हटाया गया। प्रशासन का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना, जाम की स्थिति से बचना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
यह कार्रवाई 18-19 जुलाई को ओरछा में आयोजित होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए की गई है। प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेताओं और मंत्रियों के गुजरने वाले मार्गों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल की पहली कार्यसमिति बैठक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के कार्यकाल की यह पहली कार्यसमिति बैठक होगी, जिसका आयोजन ओरछा के राजमहल होटल में किया जाएगा। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर भी मंथन होगा।
सूत्रों के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व सहित कई वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया गया है। बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसी को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।