रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त दल ने ग्राम आरोग्य मंदिर छावनी झोड़िया एवं रतनगढ़ पीठ में आयोजित टीकाकरण दिवस का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा, महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक सी.पी. चौहान तथा सीडीपीओ एहतेशाम अंसारी ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण एवं स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सभी पात्र गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने, हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप करने तथा अनमोल पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए।
इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, संस्थानों में साफ-सफाई तथा शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।