खरगोन। बारिश शुरू होते ही शहर के कच्चे और जर्जर रास्तों की समस्याएं सामने आने लगी हैं। मंगलवार को गुलशन नगर गली नंबर-3 के रहवासियों ने सीसी रोड निर्माण की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
रहवासियों ने बताया कि शहर में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं, लेकिन गुलशन नगर की गली नंबर-3 अब भी कच्ची सड़क की समस्या से जूझ रही है। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन नगर पालिका द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पूरी गली कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ती है। वहीं दोपहिया वाहन चालक कई बार फिसलकर हादसों का शिकार हो चुके हैं।
रहवासियों ने कलेक्टर से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द गली नंबर-3 में सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में लोगों को राहत मिल सके।