नीमच। वैष्णव बैरागी समाज के तत्वावधान में आर्यावर्त षड्दर्शन साधु मंडल एवं श्री रामानंदी नवनिर्माण सेना ने जिले के मंदिरों में सेवा दे रहे पुजारियों के हितों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुजारियों को कृषि कार्य के लिए खाद-बीज, फार्मर आईडी तथा सहकारी बैंकों से ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के अनेक पुजारी धार्मिक सेवा के साथ-साथ कृषि कार्य पर भी निर्भर हैं, लेकिन भूमि संबंधी औपचारिकताओं के कारण उन्हें फार्मर आईडी, खाद-बीज और कृषि ऋण जैसी सुविधाएं प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते वे शासन की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं ले पा रहे हैं।
संगठन ने मांग की कि इंदौर जिला सहकारी बैंक की तर्ज पर नीमच जिले में भी पुजारियों के लिए विशेष ऋण सुविधा शुरू की जाए। साथ ही फार्मर आईडी जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा सहकारी समितियों और बैंकों को आवश्यक निर्देश जारी कर पात्र पुजारियों को आसानी से कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाए।
वैष्णव बैरागी समाज ने कहा कि इस पहल से पुजारियों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा, कृषि कार्य को बढ़ावा मिलेगा और मंदिरों की व्यवस्थाएं भी अधिक सुदृढ़ हो सकेंगी। समाज ने कलेक्टर से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।