मंदसौर। कलेक्टर अदिति गर्ग के निर्देश पर जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग शाहरुख हुसैन पिता आशिक हुसैन निवासी भैंसा पहाड़ मोहल्ला, वार्ड-24, मंदसौर को तत्काल बैसाखी उपलब्ध कराई गई।
शाहरुख हुसैन अस्थि बाधित दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। वे एक निजी कार्यालय में कार्यरत हैं तथा दैनिक आवागमन के लिए बैसाखी की आवश्यकता थी। उन्होंने पिछले मंगलवार आयोजित जनसुनवाई में बैसाखी उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर अदिति गर्ग ने सामाजिक न्याय विभाग को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शाहरुख हुसैन को बैसाखी उपलब्ध करा दी।
सामाजिक न्याय विभाग की प्रभारी उपसंचालक अंकिता पंड्या ने दिव्यांग हितग्राही को बैसाखी प्रदान की। बैसाखी मिलने से अब शाहरुख हुसैन को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी।