बुरहानपुर। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए हैं। इस परीक्षा में देशभर से दस हजार विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और मेडल दिए गए हैं। बुरहानपुर के गौलोकधाम आश्रम, खड़कोद में आयोजित एक जिला स्तरीय समारोह में कक्षा 5वीं से कॉलेज स्तर तक के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 32 विद्यार्थियों को शील्ड, नकद राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस परीक्षा के सफल संचालन में योगदान देने वाले शिक्षकों को भी प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंडित मेवालाल पाटीदार ने विद्यार्थियों को सफल जीवन का मार्गदर्शन दिया और शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों को अपनाने की भी बात कही।
समारोह में प्राकृतिक चिकित्सक जितेंद्र प्रज्ञेय, सुंदरलाल चौधरी, वसंत मोंडे, नारायणराव पाटिल, अनिल चौधरी, संतोष चौधरी, प्रशांत त्रिवेदी और जिला संयोजक मेघराज महाजन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।