नीमच। छोटे भाई की मौत को अभी तो 15 दिन भी नहीं बीते हैं और बड़े भाई ने नीमच के ग्वाल टोली स्थित मकान पर कब्जा जमाने के लिए भतीजा, भतीजी और दामाद के साथ बुरी तरह मारपीट की। साथ ही 2 दिन में मकान खाली करने की धमकी दी है। सुभाष मेहरा ने कहा है कि अगर मकान खाली नहीं किया तो जान से खत्म कर देंगे।
इस संबंध में आज नीमच के एसपी कार्यालय पर सीमा मेहरा पति राजू मेहरा, हेमंत पिता रामलाल, सपना पुत्री राजू मेहरा और संजू मेहरा द्वारा सुभाष मेहरा और उसके लड़के सतीश मेहरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। सीमा मेहरा ने लिखित आवेदन में बताया है कि मेरे पति का स्वर्गवास 25 फरवरी को हो गया था। मैं अपने पीहर इंदौर में थी। मेरे मकान में दामाद हेमंत और बेटी सपना रह रहे थे। इसी दौरान मेरे जेठ सुभाष मेहरा ने मेरी बेटी और दामाद को लात घुसो से मारा पीटा व अश्लील गालियां दी। वह मेरे मकान पर जबरन कब्जा करने की फिराक में है। मैंने इंदौर से नीमच आकर केंट थाने पर भी शिकायत की, लेकिन यहां पर पुलिस ने हमारी सुनवाई नहीं की, उल्टा हमें ही डांट कर भगा दिया। वहीं डरे सहमे संजू मेहरा ने रोते बिलखते कहा कि हमारे चाचा हम पर बरसों से अत्याचार कर रहे हैं और अब वह हमारे मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। कभी भी हमारे साथ गंभीर घटना हो सकती है। पीड़ित पक्ष ने सुभाष और सतीश पर कठोर अपराधिक प्रकरण दर्ज करने और परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।