नीमच। शहर में आज बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी मांगों के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने बताया कि सरकार ने हमसे वादा किया था कि हर साल उनका मासिक वेतन 1000 रूपया बढ़ाया जाएगा, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं ने यह भी बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की वेतन वृद्धि कर दी गई है, लेकिन आशा कार्यकर्ताओं की वेतन वृद्धि अभी तक नहीं हुई है।
आशा कार्यकर्ताओं का यह भी कहना था कि वेतन का भुगतान 5 तारीख तक कर दिया जाए। हमसे अतिरिक्त कार्य कराकर हमारा शोषण किया जा रहा है, उस पर तुरंत अंकुश लगे। सीटू के बैनर तले दिये गए ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सरकार को चेतावनी दी गई है कि अगर उनकी मांगों नहीं मानी गई तो सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।