उज्जैन। मिजोरम के राज्यपाल और भारत के पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह रविवार को उज्जैन आ रहे हैं। वे विक्रम विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा में युवाओं की भूमिका विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बाबा महाकाल के दर्शन भी करेंगे।
विश्वविद्यालय के मुख्य प्रशासनिक भवन की शलाका दीर्घा में सुबह 11 बजे कार्यक्रम होगा। कुलपति प्रो. अर्पण भारद्वाज के अनुसार यह आयोजन आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, एनसीसी और एनएसएस की इकाई द्वारा किया जा रहा है।
राज्यपाल सिंह एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान के बारे में मार्गदर्शन देंगे। वे युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर देंगे। सेना में लंबे अनुभव वाले राज्यपाल सिंह के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के साथ अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी शामिल होंगे।